जोगिंद्रनगर उपमंडल में पिता के हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटे से हत्या में इस्तेमाल लाए चाकू को पुलिस ने बरामद कर लिया है। द्रुब्बल पंचायत के द्रोबड़ा गांव में हुई दिल दहलाने वाली इस वारदात के बाद आरोपी ने चाकू को भी पुराने घर में छिपा रखा था। हत्या मामले में परिवार के दो सदस्यों समेत अभी तक पांच से अधिक लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। इस मामले में कुछ और लोगों के बयान भी पुलिस दर्ज करेगी। बुधवार को न्यायालय में भी आरोपी को कड़ी सुरक्षा में पेश किया गया। 13 जून तक पुलिस रिमांड के आदेश न्यायालय से जारी हुए हैं। अब पुलिस पिता के हत्या से जुड़ी अन्य कड़ियां को भी सुलझाएगी। उधर, थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि फॉरेंसिक जांच पड़ताल भी की गई है। खून से सने कपड़े और अन्य साक्ष्य भी पुलिस ने कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ ही दूर पुराने घर में चाकू को बरामद किया है। वहीं, डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि नियमानुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। बता दें कि बीते सोमवार रात को पत्नी के साथ उलझ रहे बेटे को रोकने के लिए बीच बचाव करने आए पिता की चाकू घोंपकर हत्या का मामला सामने आया था। हत्या के आरोप बेटे पर लगे हैं।