जोगिंद्रनगर नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की बदहाली पर क्षेत्र की सामाजिक संस्थाओं ने अब एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर जल्द व्यवस्था में सुधार लाने की चेतावनी दी है। उपमंडल के अस्पताल की दुर्दशा पर जल्द सुधार न लाने पर जनादोंलन भी होगा। वीरवार को रोटरी क्लब जोगेंद्रनगर के उपाध्यक्ष विनोद राठौर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय पहुंचे विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों में शामिल वरिष्ठ नागरिक अजय ठाकुर, पीसी महंत, रोटरी क्लब के सचिव एसके पठानिया, रोटेरियन मुकेश, कारोबारी मोहित गुरंग, व्यापार मंडल जोगेंद्रनगर के महासचिव सतवीर और खेल प्रशिक्षिका रीता ने बताया कि अस्पताल की लचर सेवाओं पर रोष जताते हुए कहा कि मुख्य ओपीडियों में चिकित्सक न मिलने से हर रोज मरीज मायूष होकर लौट रहे हैं। वार्डों में दाखिल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने के लिए भी चिकित्सक नहीं मिल पा रहे हैं। रैफरल अस्पताल बन चुके सौ बिस्तरों वाले इस स्वास्थ्य संस्थान की बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर स्थानीय नेताओं ने भी चुप्पी साध ली है। स्वास्थ्य विभाग भी लापरवाह बना हुआ है। ऐसे में समूचे उपमंडल की सवा लाख आबादी के लोगों में रोष बढ़ रहा है। एसडीएम कार्यालय पहुंचे व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता व रोटेरियन अजय ठाकुर ने प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव को चेताया है कि अगर जल्द अस्पताल में रिक्त पड़े चिकित्सकों की पूर्ति नहीं हुई तो मरीजों संग कारोबारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी जनादोंलन के लिए भी लामबद्ध होगें। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में रिक्त चल रहे चिकित्सकों के पदों को तत्काल प्रभाव से भरने के लिए स्थानीय व्यापार मंडल, रोटरी क्लब समेत अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव हिमाचल प्रदेश सरकार को व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। जिसे उचित माध्यम से सरकार व स्वास्थ्य विभाग के ध्यान में लाने के लिए भेजा जा रहा है- मनीश चौधरी एसडीएम जोगिंद्रनगर