सर्वोदय इंटरनेशनल स्कूल अलग कोटली में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोविंद राम ठाकुर (सेवानिवृत्त तहसीलदार) और विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट राजीव ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कटोच ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय द्वारा अपनाई जा रही शिक्षण पद्धतियों और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। मुख्य अतिथि गोविंद राम ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रेरणादायक विचार रखे। वहीं विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट राजीव ठाकुर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, लक्ष्य निर्धारण और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी। समारोह के अंत में टीआर काटोच एवं बेली राम कटोच ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों का कार्यक्रम में उपस्थित होकर समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए आभार जताया।