केंद्र सरकार की भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा अनुसूचित जाति उप योजना के तहत मंडी जिला में 300 किसानों को कृषि से संबंधित आधुनिक उपकरण बांटे जा रहे हैं। मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न टीमें जिला के ग्रामीण इलाकों में जाकर अनुसूचित जाति के पात्र किसानों तक इन उपकरणों को पहुंचाने के कार्य में जुटी हुई हैं। किसानों को दिए जाने वाले उपकरणों में आधुनिक तकनीक के वो सभी उपकरण मौजूद हैं जिनसे पहाड़ी क्षेत्रों में खेती बाड़ी के कार्यों को आसानी से किया जा सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर में कार्यरत सब्जी विज्ञान की प्रधान वैज्ञानिक डा. शकुंतला राही ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला भर में इस योजना के तहत अनुसूचित जाति के 300 किसानों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के बहुत से ऐसे किसान हैं जिनके पास आधुनिक उपकरण नहीं हैं और उन्हें खेती बाड़ी के कार्यों में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए इन्हें योजना के तहत आधुनिक उपकरण दिए जा रहे हैं ताकि खेती बाड़ी के कार्यों को सुगमता से किया जा सके। योजना के लाभार्थी सूरज कुमार ने बताया कि जो उपकरण उन्हें दिए गए हैं बाजार में उनकी कीमत 8 से 10 हजार रूपए की है। योजना के तहत उन्हें यह निशुल्क मिले हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि इन उपकरणों से खेती बाड़ी के कार्यों में काफी मदद मिलेगी।