किरतपुर मनाली फोरलेन मंडी-पंडोह मार्ग पर निर्माण कार्य के तहत जागर नाला पर बने नए पुल को वीरवार सुबह एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस पुल के खुलने के साथ ही अब इस मार्ग पर कुल चार नये पुलों का एकतरफा संचालन शुरू हो चुका है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है, खासकर बरसात के दौरान जब जागर नाला उफान पर होता था और सड़क पर पानी भर जाने से आवाजाही बाधित हो जाती थी। केएमसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्या ने बताया कि तीन पुल पहले ही एकतरफा रूप से वाहनों के लिए चालू कर दिए गए थे, और अब चौथा पुल जो कि जागर नाला पर बना है वीरवार को खोल दिया गया है। पुलों की दूसरी ओर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही पूरा मार्ग पूर्ण फोरलेन के रूप में चालू कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जागर नाला पर बने इस पुल के चालू होने से बरसात में अब उन्हें आवागमन की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह पुल क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।