फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: प्रशासन के नाक तले सोन खड्ड में अवैध डंपिंग, फिर मच सकता है कहर

बरसात में आई भयंकर बाढ़ से सबक न लेते हुए सोन खड्ड क्षेत्र में प्रशासन और ठेकेदारों की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो रही है। क्षेत्र में लगातार अवैध डंपिंग जारी है। धर्मपुर-स्योह सड़क पर की जा रही कटाई का मलबा धड्डले से सोन खड्ड में फेंका जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय असंतुलन और दोबारा आपदा का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन के नाक तले यह सब हो रहा है, लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह बरसात में भारी तबाही देखने को मिली थी, उससे यह उम्मीद थी कि अब प्रशासन सख्ती बरतेगा, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। सोन खड्ड में मलबे के फेंक ढेर साफ देखे जा सकते हैं। धर्मपुर एसडीएम कार्यालय से चंद मिनटों की दूरी पर यह सब हो रहा है। धर्मपुर बाजार से यह मंजर साफ देखा जा सकता है, लेकिन अधिकारी आंखें बंद कर बैठे हैं। लोक निर्माण विभाग, वन विभाग समेत अन्य जिम्मेदार यहां से गुजरते हुए भी सब अनदेखा कर रहे हैं। ऐसे में अब सब भगवान भरोसे हैं। ग्रामीण इस मंजर को देखकर फिर आपदा के कहर को याद कर रहे हैं। स्थानीय ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। लौंगणी वार्ड से जिला परिषद सदस्य जगदीश चंद बिट्टा ने कहा कि पहले भी अवैध डंपिंग का मामला उठाया जा चुका है, लेकिन कुछ नहीं हो पाया है। तबाही का मंजर धर्मपुर के लोग देख चुके हैं, लेकिन प्रशासन व शासन सोया हुआ है। जबकि भाजपा नेता रजत ठाकुर ने भी प्रशासन कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कहा कि प्रशासन कब तक आंखें बंद करके बैठा रहेगा। तबाही मचने के बाद कार्रवाई करने का कोई फायदा नहीं है। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग धर्मपुर और संबंधित ठेकेदार से पूरी जानकारी ली जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वन परिक्षेत्र अधिकारी धर्मपुर पवन कुमार ने कहा कि ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ठेकेदार को वीरवार को दफ्तर बुलाया गया है। डैमेज रिपोर्ट काटी जाएगी। किसी भी प्रकार की डंपिंग साइट की मंजूरी नहीं दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें