हिमाचल प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति का 20वां खंड स्तरीय सम्मेलन शनिवार को कंसा चौक प्रांगण में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष ओपी भूरेटा ने की। सम्मेलन में समाज को जागरूक करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ठोस पहल करने पर बल दिया गया। समिति ने घोषणा की कि 7 मार्च को युवा बचाओ-भविष्य बचाओ' अभियान के तहत एक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली सुबह 11:30 बजे नेरचौक पुलिस पोस्ट से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय तक जाएगी, जहां ज्ञापन सौंपा जाएगा। सम्मेलन के दौरान बल्ह खंड में पिछले दो वर्षों में आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा कांता शर्मा ने प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से बीते वर्ष के कार्यों और आय-व्यय विवरण को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए सर्वसम्मति से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह जमवाल को अध्यक्ष चुना गया। सुमन चौधरी को उपाध्यक्ष, नंदलाल को सचिव, मीना, चंपा और ब्रेस्ती को सह सचिव तथा कांता शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर मंडी साक्षरता समिति की ओर से भीम सिंह और सुनीता बिष्ट तथा राष्ट्रीय जन विज्ञान नेटवर्क से जोगिंद्र वालिया ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने, महिला सशक्तिकरण के लिए आर्थिक विकास और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, पर्यावरण संरक्षण तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।