सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा राहत पैकेज को 7.70 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने की घोषणा की है। घरेलू सामान खरीदने के लिए 70 हजार रुपये की जगह अब एक लाख रुपये मिलेंगे। इस तरह कुल आठ लाख रुपये आपदा प्रभावितों अब मिलेंगे। उन्होंने मंडी में समारोह के दौरान मंडी, कुल्लू और बिलासपुर जिलों से आए 4914 आपदा प्रभावितों को 81.28 करोड़ की राशि का आवंटन किया। उन्होंने आपदा प्रभावितों को पहली किश्त के तौर पर चार-चार लाख की धनराशि आवंटित की और गृह निर्माण का कार्य शुरू होने पर दूसरी किश्त भी तुरंत प्रभाव से जारी करने का ऐलान किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि वन अधिनियम के तहत वह केंद्र की अनुमति के बीना कुछ नहीं कर सकते। इसलिए आपदा प्रभावितों को जमीन देने में दिक्कतें आ रही हैं। यह कानून उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। यदि यह मामला भी उनके अधिकार क्षेत्र का होता तो वे इस कानून में भी बदलाव करते आपदा प्रभावितों को वन भूमि आबंटित कर देते। केंद्र से इसमें मदद मांगी गई है जोकि अभी तक नहीं मिली है। वह बार-बार कह रहे हैं कि वह भाजपा नेताओं के नेतृत्व में दिल्ली जाने को तैयार है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। सीएम सुक्खू ने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मंडी के नौ भाजपा विधायकों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर आपदा प्रभावितों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।