जोगिंद्रनगर के भराड़ू के समीप चनेहड़ में बुधवार दोपहर एक कार नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। इनमें दादा-दादी और पोती शामिल हैं। इन्हें उपचार के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तीनों को ही चोटें अधिक आई हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार जोगिंद्रनगर से अपने घर बनारू की तरफ जा रहे थे, इसी बीच भराड़ू के पास चनेहड़ में हादसा पेश आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। पुलिस हादसे के कारणों को लेकर जांच पड़ताल कर रही है। एसडीएम मनीश चौधरी राजस्व विभाग के अधिकारियों को अस्पताल में पहुंचे घायलों का जायजा लेने के लिए निर्देश दिए। घायलों की पहचान पूर्व सैनिक गोविंद राम, सीएचटी कमला देवी और निधि के रूप में हुई है।