चुनावों को लोकतंत्र की आत्मा माना जाता है और प्रदेश सरकार इसी आत्मा का गला घोंटने पर लगी हुई है। यह कहना है सुंदरनगर से भाजपा के विधायक राकेश जम्वाल का। सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बटवाड़ा में जनसमस्याएं सुनने के बाद राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायत चुनावों में अपनी करारी हार के डर से इससे भागने में लगी हुई है। सरकार को पता है कि उसकी जनविरोधी नीतियों से खफा लोग सिर्फ भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को ही वोट देंगे जबकि कांग्रेसियों की करारी हार होगी। आज प्रदेश सरकार सिर्फ अपने आप में मस्त है और उसे प्रदेश की कोई चिंता नहीं है। सरकार जैसे-तैसे अपना समय व्यतीत करने में लगी हुई है। राकेश जम्वाल ने प्रदेश सरकार पर अपने क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का आरोप भी लगाया और कहा कि सरकार सिर्फ अपने चहेतों के कहने पर ही काम कर रही है जबकि विकास के अन्य काम पूरी तरह से ठप्प पड़े हुए हैं। जमवाल ने कहा कि बटवाड़ा पटवार सर्कल को डि-नोटिफाई करना कांग्रेस सरकार की जनविरोधी और बदले की राजनीति का जीता-जागता उदाहरण है। जिस क्षेत्र तक भाजपा सरकार के समय सड़क पहुंचाई गई, बस सेवा शुरू की गई और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं, आज उसी क्षेत्र को प्रशासनिक रूप से कमजोर करने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार का एजेंडा विकास नहीं, बल्कि भाजपा के कामों को खत्म करना है।