सुंदरनगर शहर के 18 वर्षीय आर्यन ठाकुर ने मिस्टर टीन आइकन इंडिया 2025 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। बीती 29 दिसंबर को नोएडा फिल्म सिटी में संपन्न हुई इस राष्ट्र स्तरीय स्पर्धा में आर्यन ने सभी को पछाड़ते हुए इस खिताब को अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही आर्यन को बेस्ट पर्सनालिटी अवार्ड से भी नवाजा गया है। सुंदरनगर के आर्यन ठाकुर ने मात्र 18 वर्ष की उम्र में ही मॉडलिंग की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाना शुरू कर दिया है। अपनी मेहनत, लगन और दमदार व्यक्तित्व के दम पर उन्होंने कम उम्र में वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका सपना कई युवा देखते हैं। इसके अलावा आर्यन ने मिस्टर एंड मिस नॉर्दर्न इंडिया प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनरअप का खिताब, मोस्ट हैंडसम का विशेष पुरस्कार और मिस्टर एंड मिस इंडिया एक्सॉटिक 2025 प्रतियोगिता में दूसरे उपविजेता का सम्मान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। आर्यन ने बताया कि भविष्य में उसका लक्ष्य इसी क्षेत्र में और आगे बढ़ने का है। उन्होंने अपने अन्य साथी युवाओं को संदेश दिया है कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढें तो सफलता जरूर मिलेगी। बता दें कि आर्यन ठाकुर के पिता राजेश ठाकुर सुंदरनगर के एक प्रसिद्ध फोटोग्राफर हैं तथा क्षेत्र में उनका एक प्रतिष्ठित फोटोग्राफी स्टूडियो है। आर्यन की माता मंजू ठाकुर ने अपने बेटे की कामयाबी पर हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि आर्यन आज सिर्फ अपने ही नहीं बल्कि पूरे परिवार के सपनों को साकार कर रहा है। इस कार्य में आर्यन को परिवार का पूरा सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है। मॉडलिंग के साथ-साथ आर्यन एक बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी भी है। आर्यन को श्रेष्ठ युवा फुटबॉल प्रतिभा तथा सुक्केत क्षेत्र के यूथ आइकन के सम्मान से नवाज़ा जा चुका है। आर्यन अंडर-16 इंडिया कैंप में भाग ले चुके हैं तथा अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अंडर-20 में शीर्ष गोल स्कोरर की भूमिका में रहे। हाल ही में ऊना में आयोजित संतोष ट्रॉफी कैंप में भी उन्होंने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।