लगातार 20 घंटे तक हुई भारी बारिश ने लोनिवि गोहर मंडल की सड़कों को बुरी तरह तबाह कर दिया है। मंडल की प्रमुख सड़कों के बंद होने से उपमंडल गोहर शेष जिला से पूरी तरह कट गया है। एमडीआर 76 मंडी-शिमला मार्ग बीजू नाला के पास पहाड़ी धंसने से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। चैलचौक-पंडोह, कोट देवीदहड़ और अन्य सभी संपर्क सड़कें भूस्खलन के चलते बंद पड़ी हैं। कोट देवीदहड़ सड़क तुना राख, रेउशी और जहल में कई जगह अवरुद्ध हो चुकी है जबकि गोहर-पंडोह सड़क भी जगह-जगह मलबा और पत्थर गिरने से बाधित हो गई है। इससे चंडीगढ़-मनाली के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बंद हो गया है। इसके अलावा कुटाहची-अडमेहरु सड़क कुन-कटेरल के बीच पूरी तरह से टूट गई है। जेसीबी मशीनें और श्रमिक सड़कों की बहाली में जुटे हुए हैं, लेकिन मूसलधार बारिश और लगातार गिरते मलबे के कारण बहाली कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अधिशासी अभियंता भावेश सैनी ने सड़कें बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़कें बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।