कृष्ण जन्माष्टमी अवसर पर जोगिंद्रनगर में नन्हें बच्चों ने दही हांडी फोड़कर जन्मदिवस की खुशियां मनाईं। बच्चे राधा-कृष्ण की वेश-भूषा में सजधज कर मंदिरों और आयोजन स्थलों में पहुंचे। श्रीकृष्ण के मंदिरों में कृष्ण भक्तों का जनसैलाब शुक्रवार देर रात तक उमड़ा रहा। श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी को बेहद आकर्षक बनाने के लिए जोगिंद्रनगर शहर के सनातन धर्मसभा मंदिर में लड्डू गोपाल के साथ पहुंचे छोटे बच्चों ने श्रीकृष्ण के पालने को भी झूलाया। महिलाओं ने उपवास रखकर श्रीकृष्ण की अराधना की। यहां पर बीते सात दिनों से चल रही श्रीमद् भागवत कथा में राधा कृष्ण और सुदामा श्रीकृष्ण की मित्रता के रोचंग व्यंग भी सुनाए और झांकियों के माध्यम से सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता को भी बताया। उधर, ढेलू स्थित ईश्वरीय विश्वविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर अनेकों कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उपमंडल जोगिंद्रनगर में रात 12:00 बजे तक जारी भजन संध्याओं में वृंदावन के भजन गायकों में शामिल अभिचल दास ने श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया और मध्य रात्रि महात्मा श्री राम मोहनदास रामायणी ने श्रीकृष्ण के जन्मदिवस पर महाआरती उतारकर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। इस दौरान शहर भर में पटाखे भी फोड़े गए और अलग-अगल प्रकार के व्यंजन भी कृष्ण भक्तों को प्रसाद स्वरूप बांटे गए।