उपतहसील मकरीड़ी की ग्राम पंचायत लांगणा के कजैहड निवासी तथा 6 डोगरा रेजिमेंट से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक इंद्र कुमार सकलानी (89) का सोमवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनका रविवार को निधन हो गया था। डोल श्मशानघाट में आयोजित अंतिम संस्कार में भारतीय सेना की पालमपुर स्थित इकाई की विशेष टुकड़ी ने पहुंचकर दिवंगत पूर्व सैनिक को शस्त्र सलामी दी। सैन्य परंपराओं के अनुरूप उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत सैनिक के पुत्र राजेश सकलानी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म निभाई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भूतपूर्व सैनिक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूर्व सैनिक को श्रद्धांजलि देने वालों में कैप्टन मस्त राम, कैप्टन मोहन सिंह, कैप्टन शेर सिंह और सूबेदार मेहर सिंह सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने देश सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सैनिक इंद्र कुमार सकलानी के निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।