मंडी-कोटली-जालंधर राष्ट्रीय उच्च मार्ग के निर्माण की डंपिग से ग्राम पंचायत मांथला के रछवाणां, त्रांबी और गतरबाग गांव को खतरा पैदा हो गया है। शनिवार को क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने देवधार स्थित कंपनी के प्लांट पर धरना-प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार ने कंपनी को निर्देश दिए कि गांव के लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। इससे पहले रछवाणां, त्रांबी और गतरबाग के दर्जनों लोग देवधार स्थित कंपनी के प्लांट पर एकत्रित हुए। पंचायत प्रधान अनिता देवी, उपप्रधान प्रेम सिंह, वार्ड सदस्य महेश कुमार, डोलमा देवी, देवेंद्र ने कंपनी के अधिकारी नितिन के समक्ष गांव को डंपिग साइट से हो रहे खतरे से अवगत करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने अवैध रूप से गांव के ऊपर लगभग 5-6 साइट पर डंपिंग कर रखी है। बरसात में सारा मलबा गांव में पहुंच गया है। इससे गांव की सड़क पिछले एक माह से बंद पड़ी है। रछवाणा स्थित सामुदायिक भवन मलबे की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो चुका है। लोगों के घरों, गोशालाओं और शौचालयों में दरारें आ गई हैं। कई मलबे की चपेट में हैं। सड़क बंद होने से लोगों को चार किलोमीटर मलबे पर पैदल चलकर मुख्य मार्ग पर पहुंचना पड़ रहा है।