चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे फिर से बंद हो गया है। इस बार यह हाईवे कुछ इस तरह से बंद हुआ है कि इसकी जल्द बहाली के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। दरअसल पंडोह डैम के साथ लगते कैंची मोड़ के पास नेशनल हाईवे पूरी तरह से धंस गया है। यहां अब पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं बचा है। बीती रात को क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण यहां हाईवे का एक बड़ा भाग पूरी तरह से जमींदोज हो गया। हालांकि हाईवे बीती रात को बनाला के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण पहले से ही बंद था। बड़े मालवाहक वाहनों को नौ मील के पास रोक कर रखा गया था। बनाला में हाईवे को आज बहाल करना था लेकिन उससे पहले कैंची मोड़ के पास यह हाईवे बूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बनाला में गिरे पत्थरों को तो आज हटा दिया जाएगा लेकिन कैंची मोड़ के पास क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत करने या फिर वैकल्पिक मार्ग तैयार करने में अभी लंबा समय लग सकता है। बता दें कि पिछले कल ही यह हाईवे दवाड़ा के पास तीन दिनों बाद बहाल हुआ था। हालांकि, मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग यातायात के लिए बहाल है। एक एक घंटे के अंतराल में छोटे वाहन भेजे जा रहे हैं। कुल्लू-मनाली के लिए अब यही मार्ग शेष है।