जलोड़ी क्षेत्र के ऐतिहासिक कोट भझारी मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण का भव्य समापन शनिवार को पूर्णाहुति के साथ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। कोट भझारी देवता की अगुवाई में आयोजन को पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए मंदिर में सराय निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास उनकी प्राथमिकता है और जलोडी सुरंग (टनल) के निर्माण को लेकर भी हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शिमला के प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य डॉ. दिनेश शर्मा ने सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया। इस अवसर पर पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, सतपाल ठाकुर, एसडीएम मनमोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।