जिला कुल्लू में नगर निकाय चुनाव को लेकर सुबह 7:00 बजे से मतदान हो रहा है। सुबह के वक्त मतदान केंद्रों में वोट डालने के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। लेकिन दोपहर के समय मतदान केंद्रों में लोगों की भीड़ कम रही। नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर वासियों मे उत्साह देखा जा रहा है। दोपहर 1:00 तक नगर परिषद कुल्लू, नगर परिषद मनाली, नगर पंचायत भुंतर और नगर पंचायत बंजार व निरमंड में 42 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। करीब 12:00 बजे उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने अपने प्रशासनिक अमले के साथ मतदान केंद्रो का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला की पांच नगर निकाय चुनाव में वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से हो रही है। मतदान को लेकर जहां महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। वहीं युवा और बुजुर्गों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।