जिला कुल्लू में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान रविवार सुबह से शुरू हो गया। अभियान के तहत जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के विभिन्न पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो रोधी खुराक पहुंचाकर जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखना है।