जिला आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी संघ के चुनाव रविवार को कुल्लू मुख्यालय स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित किए गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान नील चंद राठौर को सर्वसम्मति से दूसरी बार जिला अध्यक्ष चुना गया। जिला आयुर्वेद अस्पताल कुल्लू के वरिष्ठ अधीक्षक यशवंत ठाकुर ने चुनाव अधिकारी के रूप में पूरी प्रक्रिया का संचालन किया। बैठक में नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। संघ के महासचिव पद की जिम्मेदारी आदर्शन को सौंपी गई। वहीं, राजेश कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रेम प्यारी को उपाध्यक्ष, सीमा को कोषाध्यक्ष, विनोद को मुख्य सलाहकार और देव राज को ऑडिटर नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने चुनाव के बाद कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सरकार के पास लंबित मांगों पर चर्चा की। बैठक में इन मांगों के समाधान के लिए आगामी रणनीति तैयार करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नील चंद राठौर ने कहा कि संगठन कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगा और लंबित मांगों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।