108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने कार्यरत कर्मचारियों की मांगों को लेकर सीटू के बैनर तले जिला मुख्यालय कुल्लू में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत मेडस्वन फाउंडेशन पर शोषण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों से बारह घंटे डयूटी करवाई जाती है परंतु इन्हें ओवरटाइम वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है। ऐसे में अब कर्मचारियों ने कंपनी और सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्याओं को नहीं सुलझाया गया तो आने वाले समय में आंदोलन जारी रहेगा।