ढालपुर के खेल मैदान में गुरुवार को कुल्लू फेस्टिवल ऑफ स्पीड का शुभारंभ विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने किया। तीन दिनों तक यहां स्पीड का रोमांच देखने को मिलेगा। हिमालयन एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स की ओर से कुल्लू में पहली बार यह प्रतियोगिता हो रही है। हिमाचल में पहली बार करवाई जा रही प्रतियोगिता में शुरू के दो दिन क्वालिफिकेशन राउंड में बाइक और कार की 20 से अधिक श्रेणी में प्रतिभागी दमखम दिखाएंगे। हिमालयन एक्सट्रीम मोटर स्पोर्ट्स के अध्यक्ष सुरेश राणा ने कहा कि जो लोग सड़कों पर गाड़ियां चला रहे हैं, उनके लिए संदेश है कि वे सेफ मोड में गाड़ी चलाएं। प्रतियोगिता में हर कोई हिस्सा ले सकता है, बशर्ते की उसकी आयु 18 साल होनी चाहिए। उसके पास लाइसेंस होना चाहिए, एक लाइसेंस एसोसिएशन भी देगी।