जिला मुख्यालय कुल्लू के सुल्तानपुर में जल शक्ति विभाग ने सीवरेज लाइन की खुदाई कर रखी है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि विभाग पेयजल लाइन के रिसाब का फाल्ट ढूंढने का प्रयास कर रहा है, लेकिन एक सप्ताह का समय बीता जाने के बाद भी विभाग इस फॉल्ट को तलाश नहीं पाया है। विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय सुल्तानपुर को जाने वाले रास्ते की खुदाई की है। इससे सीवरेज का सारा पानी रास्ते पर बह रहा है और स्थानीय लोगों के साथ कन्या विद्यालय की छात्राओं, संस्कृत कॉलेज और निजी विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। वहीं, गंदगी के खुले में बहने से बीमारियों के बढऩे का खतरा भी बना हुआ हैं।