जिला कुल्लू और जनजातीय क्षेत्र लाहौल में भारी बर्फबारी के बाद दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लाहौल में लोनिवि की सभी 134 सड़कें बंद हैं। जबकि कुल्लू में भी एचआरटीसी के 100 से ज्यादा बस रूट प्रभावित हैं। ऐसे में लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। वहीं बिजली के करीब भी करीब 700 ट्रांसफार्मर बंद होने से कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी है। वहीं, बर्फबारी से किसान-बागवानों के साथ पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। रोहतांग दर्रा में छह फीट बर्फ दर्ज की गई है। जबकि अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में साढ़े चार, नोर्थ पोर्टल में डेढ़, सोलंगनाला में तीन, जलोड़ी दर्रा में तीन और केलांग में एक फीट बर्फ दर्ज की गई है। वहीं, जिला कुल्लू के निचले इलाकों तक आधा फीट बर्फ हुई है।