सर्वधर्म पीठ तपोस्थान गुरुद्वारा श्री नानक ज्योत साहिब कुठंडल राजा का तालाब में मंगलवार को धन-धन श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के 420वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय विशाल धार्मिक समागम का शुभारंभ श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों और धार्मिक जयघोषों के बीच राज्यपाल ने नवनिर्मित श्री दरबार साहिब भवन का विधिवत उद्घाटन किया तथा माथा टेककर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं भाईचारे की कामना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री डॉ. राजन सुशांत, जम्मू-कश्मीर के बिश्नाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक अश्विनी शर्मा व युवा नेता एवं अधिवक्ता धैर्य सुशांत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं संगत ने अतिथियों का पारंपरिक सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया।