हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि मां ज्वाला की कृपा से ही हम जनसेवा के कार्यों को निष्ठा और ऊर्जा के साथ कर पा रहे हैं। यह स्थान केवल आस्था का नहीं, आत्मबल का केंद्र भी है। उन्होंने माता ज्वाला से प्रार्थना की कि प्रदेश में आ रही आपदाओं पर विराम लगे और प्रदेशवासी बिना किसी भय से अपन जीवन यापन करें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश हमेशा अग्रणी रहा है और वर्तमान सरकार भी गुणात्मक शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और सार्थक कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मंत्री ने बताया कि नेशनल असेसमेंट सर्वेक्षण में भी प्रदेश का प्रदर्शन सराहनीय रहा है, जो यह दर्शाता है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में शिक्षा विभाग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। विभागीय स्तर पर सुधार जारी रहेंगे और इसका असर स्कूलों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में साफ तौर पर दिखाई देगा। मंदिर ज्वालामुखी न्यास की तरफ से एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा व मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने उन्हें माता कि चुनरी व तस्वीर भी भेंट की। शिक्षा मंत्री ने विजिटर बुक में भी संदेश के साथ हस्ताक्षर किए।