गसोता मंदिर कमेटी के प्रधान की ओर से गोशाला में कार्यरत महिला से मारपीट के मामले में स्थानीय महिलाओं ने मंदिर परिसर में प्रदर्शन किया। गसोता मंदिर एवं गोशाला कमेटी के प्रधान पर महिला कर्मचारी को डंडों से पीटने के आरोप लगे थे। इस महिला ने इस सिलसिले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की ओर से इस मामले में अभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है। महिलाओं ने मंदिर परिसर में एकत्र होकर मंदिर कमेटी प्रधान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मामले में पीड़िता महिला और परिजनों ने महिला आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज करने का निर्णय लिया है। कुछ दिन पूर्व ही गसोता गोशाला में कार्यरत महिला से मारपीट का सामने आया था। वहीं अब इस मामले में कमेटी प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कमेटी प्रधान के पद से हटाए जाने की मांग को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया है।