पुलिस थाना सुजानपुर के तहत दोसड़का में नाले में एक बुजुर्ग का शव मिला है। बुजुर्ग की पहचान शिव शरण(65 ) निवासी मिहाड़पुर भलेठ के रूप में हुई है। बुजुर्ग 16 मार्च से लापता था, लेकिन लापता होने की रिपोर्ट परिजनों की ओर से 23 मार्च को पुलिस थाना में दर्ज करवाई थी। गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने नाले में शव होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी छानबीन प्रक्रिया शुरू की है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ दिन पहले ही बुजुर्ग अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया था, जिस कारण उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग के बाजू भी हल्के गल गए हैं। पुलिस की ओर से शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए हमीरपुर भेजा गया है। थाना प्रभारी सुजानपुर राकेश ने कहा कि दोसड़का के नाले में एक बुजुर्ग का शव प्राप्त हुआ है। मामले में छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव को देखकर प्रतीत हो रहा है कि कुछ दिन पहले ही अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया है।