राजकीय महाविद्यालय भोरंज की बास्केटबॉल (छात्र वर्ग) टीम ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-कॉलेज प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। टीम के महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर के नेतृत्व में महाविद्यालय परिवार एवं समस्त आचार्य स्टाफ की ओर से खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। यह प्रतियोगिता 13 से 15 दिसंबर तक डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा में आयोजित की गई थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों के साथ शारीरिक शिक्षा के सहायक प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र ठाकुर को भी बधाई दी गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय भोरंज भविष्य में भी खेलों के क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बनाए रखेगा और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करता रहेगा।