हमीरपुर भाजपा जिला अध्यक्ष के चुनाव जिला मुख्यालय में सोमवार को संपन्न हुए। चुनाव प्रभारी विधायक विक्रम ठाकुर ने चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता की। सर्वप्रथम निवर्तमान जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा ने कार्यकारिणी को भंग किया। कार्यकारिणी भंग होने के बाद चुनाव प्रभारी विधायक विक्रम ठाकुर ने नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की। समीरपुर निवासी राकेश ठाकुर को नया अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान मौजूद सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके नाम का समर्थन किया। रविवार को चुनाव नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई थी, जिसमें राकेश ठाकुर की तरफ से इकलौता नामांकन दर्ज किया गया था। राकेश ठाकुर ने कहा कि नियुक्ति के लिए वह सिर्फ नेतृत्व के आभारी हैं। हमीरपुर जिले में पार्टी को मजबूती देने के लिए भविष्य में कार्य किया जाएगा। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पांच सीट पर जीत हासिल करे इसके लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही बचे हुए मंडलों में अध्यक्षों के चुनाव को भी पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा।