हमीरपुर के साथ लगते गांव बल्ह के बल्ह नाला में सात प्रवासियों की तेंदुए के हमले में मौत की अफवाह ने पुलिस और वन विभाग की खूब परेड करवाई। पुलिस थाना हमीरपुर टीम सुबह सात बजे एक प्रवासी मजदूर विनोद ने पहुंचकर बताया कि उसके साथ रहने वाले सात प्रवासी मजदूरों को बल्ह नाला में तेंदुए ने हमला कर मार डाला है। इन सातों लोगों में दो से तीन बच्चे भी शामिल है। सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ ललित महंत की अगुवाई में टीम गठित की गई और बल्ह नाले में जाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन करीब 2 घंटे की सर्च ऑपरेशन के बाद वहां पर कुछ हाथ नहीं लगा। हालांकि इस दौरान वन विभाग हमीरपुर के आरओ के साथ उनकी टीम ने भी सर्च ऑपरेशन में भाग लिया। बाद में काफी मशक्कत करने के बाद पता चला कि प्रवासी विनोद नशे का आदी है और हमेशा नशे में धूत रहता है। रात को भी विनोद नशे में धूत था और सुबह पुलिस थाने चला गया था। मौके पर मौजूद एसएचओ ललित मंहत ने बताया कि पुलिस ने और वन विभाग की टीम में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला है। यह पाया गया है कि प्रवासी मजदूर नशे का आदी है और इसी हालत में उसने पुलिस को सूचना दी थी। वहीं, वन विभाग के आरओ ने बताया कि विभाग को तेंदुआ द्वारा सात लोगों के ऊपर हमला करने के बाद मारे जाने की सूचना मिली थी और इस पर बल्ह नाला में जाकर सर्च ऑपरेशन किया था, लेकिन वहां पर ऐसा कुछ नहीं पाया गया है और यह मात्र एक अफवाह पाई गई है।