जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल की बणी क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप मालिक से 30 ग्राम से अधिक चिटटा पकड़ा गया है। पेट्रोल पंप के कार्यालय में ही यह नशीला पदार्थ रखा हुआ था। पुलिस की एक स्पेशल टीम ने पेट्रोल पंप पर दबिश देकर लाखों रुपये का नशीला पदार्थ बरामद करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस की ओर से गहन पूछताछ की जाएगी। आरोपी पहले भी नशे के कारोबार में संलिप्त रहा है। बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद करने में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अब इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी खेप इस नशीले पदार्थ की कहां से लाई गई थी। लाखों रुपये का यह चिटटा आखिर किसे भेजाजाना था। पुलिस हर एक पहलू से मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि बणी में एक पेट्रोल पंप मालिक से 30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बुधवार देर शाम को यह कार्रवाई की है तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।