डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आने वाले मरीज जरूरत के मुताबिक सीधे संबंधित विभागाध्यक्ष (एचओडी) से संपर्क कर पाएंगे। इसके लिए मेडिकल कॉलेज ने विभिन्न विभागों के अध्यक्षों के मोबाइल नंबर पोस्टर में अंकित किए हैं। उपयोगिता सेवाएं के नाम के पोस्टर चिकित्सा अधीक्षक कक्ष के बाहर सहित अन्य स्थानों पर लगाए हैं। उपयोगिता सेवाएं के पोस्टर में प्रिंसीपल, चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न विभागाध्यक्ष, वार्ड सिस्टर, पुलिस स्टेशन, एंबुलेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के मोबाइल नंबर अंकित हैं। इनसे मरीजों को आसानी से सेवाएं मिल पाएंगी। उन्हें विभिन्न मोबाइल नंबर के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोजाना 1500 के करीब ओपीडी रहती है। दो से तीन जिलों के मरीज रोजाना इलाज के लिए पहुंचते हैं। कई बार चिकित्सकों की ओर से सही इलाज नहीं करने की शिकायतें मरीजों की ओर से प्राप्त होती हैं। संपर्क नंबर नहीं होने के कारण इन शिकायतों को संबंधित विभाग अध्यक्ष तक नहीं पहुंच पाती हैं। अब इन शिकायतों पर मरीज सीधे एचओडी से संपर्क कर पाएंगे। इसके अलावा एंबुलेंस की सेवाओं के लिए भी भटकना नहीं पड़ेगा। मरीजों को त्वरित सेवाएं मिलेंगी। उनकी समस्याओं का समाधान होगा। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने कहा कि उपयोगिता सेवाएं के पोस्टर में महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर अंकित हैं। मरीज जरूरत के हिसाब से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कर पाएंगे।