सुजानपुर टिहरा का आसमान बुधवार को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठा। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया। करीब 30 मिनट तक चले इस एयर शो में जेट विमानों ने हैरतअंगेज फॉर्मेशन बनाकर वायु सेना के शौर्य, कौशल और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10:50 बजे नौ हॉक एमके-132 जेट विमानों ने एक साथ आसमान में प्रवेश कर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। विमानों ने डायमंड, तीर, हृदय और डीएनए जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं। जब आसमान में तिरंगे के रंग बिखरे, तो पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। एयर शो के दौरान दर्शक इन अद्भुत पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने कमेंट्री के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी दी, जबकि ग्राउंड ड्यूटी का समन्वय स्क्वॉड्रन लीडर संजय सिंह ने संभाला। कार्यक्रम में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।