जिला परिषद हमीरपुर में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। पार्टी के जिला परिषद चुनाव प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर की तरह मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा ने सत्ता का सेमीफाइनल जीत लिया है। अब पार्टी विधानसभा चुनाव के रूप में होने वाले फाइनल की तैयारी में जुट गई है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपनी सीट बचा पाए, यही उनके लिए बड़ी गनीमत होगी। जिला परिषद परिसर से निकले भाजपा के विजय जुलूस के बाद पत्रकारों से बातचीत में रणधीर शर्मा ने कहा कि हमीरपुर जिला परिषद की 19 में से 18 सीटों पर भाजपा विचारधारा से जुड़े सदस्य निर्वाचित होकर पहुंचे हैं। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता के जनादेश का संकेत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सरकार दोबारा बनने के सपने देख रहे हैं, लेकिन यह सिर्फ मुंगेरीलाल के हसीन सपने हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार भाजपा में गुटबाजी के आरोप लगा रही है, जबकि जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन इस बात का प्रमाण है कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। जिला परिषद हमीरपुर में धमरोल वार्ड से निर्वाचित अनीता शर्मा अध्यक्ष और करेर वार्ड से निर्वाचित गुरदीप उपाध्यक्ष बने हैं। दोनों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। 19 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा समर्थित 15 प्रत्याशी चुनाव जीतकर आए थे। कांग्रेस के खाते में एक सीट गई, जबकि तीन सीटों पर भाजपा के बागी उम्मीदवार विजयी हुए थे। बाद में इन तीनों ने भी भाजपा के साथ दिखें हैं।