राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर में आयोजित पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम संपन्न हो गया। कार्यक्रम में विभिन्न इंजीनियरिंग एवं बहुतकनीकी कालेजों, आईटीआई के शिक्षकों को इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तथा आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) नई तकनीक से अवगत एवं अपडेट करवाया गया। आईओटी एवं एआई के विशेषज्ञों ने शिक्षकों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां तथा प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया। सी-डैक मोहाली के समन्वयक डॉ बलविंदर सिंह ने माइक्रोकंट्रोलर एवं एम्बेडेड सिस्टम की बारीकियां समझाईं। एनआईटी हमीरपुर के सह-प्रोफेसर डॉ टीपी शर्मा ने प्रतिभागियों को आईओटी एवं एआई के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। सी-डैक मोहाली की अंजू कृष्णा ने पायथन पर विस्तृत जानकारी दी। अन्य प्रमुख वक्ताओं में एनआईटी हमीरपुर के डॉ राजीव कुमार और डॉ प्रदीप सिंह, सी-डैक मोहाली के रोहन आदि मौजूद रहे। इन विशेषज्ञों ने एआई एवं मशीन लर्निंग के मूल सिद्धांतों, एआई के उपयोग, सेंसर एवं एक्चुएटर्स, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, आर्डुइनो जैसे विषयों पर व्याख्यान और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। अंतिम दिन प्रतिभागियों ने आईओटी आधारित मिनी प्रोजेक्ट भी तैयार किए।