लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करने के लिए परिवहन निदेशालय की ओर से सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तहत 18 या इससे अधिक आयु के व्यक्ति सड़क सुरक्षा पर शॉर्ट फिल्म या वीडियो बनाकर परिवहन विभाग को ई-मेल या विभाग के कार्यालय के पास उपलब्ध करवा सकते हैं। प्रतिभागी 15 फरवरी 2026 तक वीडियो भेज सकते हैं। शॉर्ट फिल्म में थीम सुरक्षा सुरक्षा रहेगा। वीडियो व शॉर्ट फिल्म हिंदी व अंग्रेजी भाषा में बनेंगी और पांच मिनट से अधिक नहीं होनी चाहिए। फिल्म महोत्सव कार्यक्रम में देश व प्रदेश का व्यक्ति भाग ले सकता है। परिवहन निदेशालय की ओर से बेहतरीन वीडियो का चयन किया जाएगा। उसके बाद 18-25 आयु, 25-32, 32-40 और 40 से अधिक आयु के प्रतिभागियों की ओर से बनाई गई वीडियो पर 25-25 हजार रुपये कैश और ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं 20 विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें प्रत्येक प्रतिभागी को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा ने बताया कि परिवहन निदेशालय की ओर से सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से लोगों को सड़क सुरक्षा पर जानकारियां मिलेंगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में भाग लेने का आग्रह किया है