स्थानीय बाजार में अतिक्रमण कर दुकानदारी सजाने वाले दुकानदारों के खिलाफ शिकंजा कसने को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। शहर में अतिक्रमण कर दुकानदारी सजाने वाले दुकानों को नगर निगम ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया है। अगर कोई दुकानदार एक सप्ताह के बाद अतिक्रमण को नहीं हटाता है तो नगर निगम उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा। शहर में दुकानदारों ने अतिक्रमण कर निकासी नालियों तथा सड़क पर कब्जा जमाया हुआ है। हालात यह हैं कि लोगों को चलने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बाजार में वाहनों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में हादसों का भी डर बना रहता है। शहर में करीब एक किलोमीटर के दायरे में दो से अधिक दुकानदार हैं जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है। शायद ही कोई ऐसा दुकानदार होगा जिसने अतिक्रमण न किया हो। ऐसे में नगर निगम ने लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया है। बता दें कि गांधी चौक से टाउन हॉल तक 200 से अधिक दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है, लेकिन आज तक नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी। ऐसे में यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना यह है कि नगर निगम अपने इन आदेशों को अमलीजामा पहना पाता है या नहीं। अगर नगर परिषद नोटिस के बाद कार्रवाई करता है तो सड़क से अतिक्रमण हट सकेगा और लोगों को भी राहत मिलेगी। नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि नगर निगम हमीरपुर के तहत मुख्य बाजार में दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। इन्हें एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिए गए हैं। अगर यह अतिक्रमण को नहीं हटाते हैं तो इसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह इसमें सहयोग करे।