ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि पूर्व भाजपा विधायक राजेंद्र राणा अपने बयानों में खुद यह साबित कर रहे हैं कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का श्रेय हमेशा कांग्रेस सरकारों को जाता है। भाजपा का योगदान इसमें नगण्य रहा है। वर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि राणा अपने कार्यकाल के जिन विकास कार्यों का जिक्र कर रहे हैं, वे सभी पूर्व कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए। इससे साफ है कि सुजानपुर में विकास कार्य करवाने में कांग्रेस की ही अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राणा तीन बार विधायक रहे, जिनमें दो बार कांग्रेस से और एक बार कांग्रेस समर्थक के रूप में रहे। वे कांग्रेस सरकार में एक महत्वपूर्ण विभाग के चेयरमैन भी रहे हैं। भाजपा में रहते हुए वे कभी विधायक नहीं बने। वर्मा ने कहा कि राणा ने अपने समय के 50 कार्य गिनाए और डीपीआर की बात की, जिनमें कोट-चौरी-सुजानपुर सड़क निर्माण कार्य भी शामिल था, जिसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। मगर बाकी 49 कार्यों के लिए उन्होंने कांग्रेस सरकारों का धन्यवाद क्यों नहीं किया? यदि उक्त सड़क केंद्र सरकार ने दी है तो सांसद अनुराग ठाकुर का उल्लेख क्यों नहीं किया, जबकि वे अब उन्हीं की पार्टी में हैं। वर्मा ने कहा कि राणा जहां विधायक निधि का विवरण मांग रहे हैं, वहीं उन्हें यह सवाल सांसद अनुराग ठाकुर से भी करना चाहिए कि उनकी सांसद निधि कहां खर्च हुई। उन्होंने कहा कि पांच बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी सुजानपुर क्षेत्र में कुछ विशेष नहीं कर पाए, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तो विधानसभा क्षेत्र को पूरी तरह नजरअंदात किया है।