एनएच 3 निर्माण कंपनी के बेतरतीब निर्माण कार्य से दिक्कतें बढ़ गई हैं। निर्माण कंपनी मनमर्जी से कार्य कर रही है। यह आरोप सपनेड़ा गांव के लोगों ने लगाए हैं। एडीसी अभिषेक गर्ग को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है। एनएच 3 पीड़ित मंच की अध्यक्ष रीना चौहान, मनोज, सरोज, प्रीतम चंद आदि ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी के कार्य से संतुष्ट नहीं हैं। डर के साये में जी रहे हैं। करीब पांच साल से निर्माण कार्य हो रहा है। पटनौण चौक के पास कंपनी ने पुराने सड़क मार्ग को उखाड़ दिया है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य से आए दिन लोग गिर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार लिखित शिकायतें की हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आग्रह किया है कि जरूरत के मुताबिक डंगों का निर्माण किया जाए। यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल्द ही चक्का जाम किया जाएगा।