हमीरपुर जिला मुख्यालय स्थित शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा के पार्क व निर्माणाधीन युद्ध स्मारक का रखरखाव जिला पुलिस करेगी। एसपी हमीरपुऱ भगत सिंह ने स्मारक की देखरेख का जिम्मा उठाने की पहल की है। बीते दिन जिला प्रशासन ने यहां पर सफाई अभियान चलाया था। इस दौरान डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह, एसपी हमीरपुर भगत सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे थे। इस दौरान यहां पर स्थाई तौर पर देखरेख और सफाई व्यवस्था का जिम्मा लेने के लिए जिला पुलिस की ओर से एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने हामी भरी। ऐसे में अब हर माह में एक से दो बार जिला पुलिस जवान स्मारक की देखरेख के लिए अपना योगदान देंगे। दअरसल इन दिनों इस पार्क एवं युद्ध स्मारक का निर्माण चल रहा है, लेकिन देखरेख की कमी के कारण यहां पर झाड़ियां उग गई हैं। हर तरफ घास उगने से पार्क की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए नियमित रूप से रखरखाव जरूरी है। इसके लिए अब जिला पुलिस हमीरपुर की ओर से पहल की गई है। डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने भी जिला पुलिस और एसपी हमीरपुर भगत सिंह के प्रयासों को सराहा है। उन्होंने कहा कि वीरभूमि हमीरपुर को देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के लिए जाना जाता है। ऐसे में जिला पुलिस की ओर से युद्व स्मारक का रखरखाव का जिम्मा उठाना सराहनीय है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने कहा कि युद्ध स्मारक जिला के वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है। स्मारक के रखरखाव की जिम्मेवारी जिला पुलिस ने ली है। हर माह यहां पर पुलिस जवान इस कार्य के लिए योगदान देंगे।