बस अड्डे के पास ग्रामीण हाट में जल्द ही कैफे और रेस्तरां शुरू होगा। यहां लोगों और यात्रियों को हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों के साथ साउथ इंडियन और चाइनीज खाना भी उपलब्ध होगा। जिला प्रशासन ने कैफे कम रेस्तरां के संचालन के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों की सूची तय कर ली है। एक माह के भीतर महिलाओं को दुकानों का आवंटन होगा, जिससे उन्हें रोजगार चलाने में सहायता मिलेगी। महिलाएं रेस्तरां में सिड्डू, बबरू, पतरोड़े, मीठे चावल, मदरा, साग देसी मिठाइयों के साथ इडली,डोसा, सांभर, मोमो, चाऊमीन, फ्रैंच फ्राइज आदि उत्पाद बचेंगी, जिससे बस अड्डा में आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। पूर्व में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण(डीआरडीए) की ओर से हॉट में महिलाओं को दुकानें आवंटित करने की योजना बनाई गई थी लेकिन बाजार की डिमांड को देखते हुए अब एक कैफे कम रेस्तरां बनाया जा रहा है ताकि एक ही क्लस्टर को पूरे खान पान का जिम्मा दिया जा सके।