एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति जिला इकाई के कल्याण मंच और कल्याण संगठन की बैठक हमीरपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त संघर्ष समिति सदस्य एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कल्याण मंच अजमेर ठाकुर ने की। बैठक में सबसे पहले राज्य में हुई त्रास्दी पर चिंता व्यक्त की गई। इस आपदा में जिन लोगों की मौत हुई, उनके लिए दो मिनट का मौन रखा गया। कल्याण संगठन प्रधान हुकम चंद ने बताया कि समय पर पेंशन न मिलना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। पौने तीन साल बीत जाने के बाद भी वर्तमान सरकार अपने वायदे पूरे करने में नाकाम रही है। कल्याण मंच अध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि परिवहन पेंशनरों के साथ इस वृद्धावस्था में घोर अन्याय हो रहा है। पेंशन कभी 26 तो कभी 30 तारीख को आती है। चिकित्सा बिलों का भुगतान तीन साल से नहीं किया गया है। समय पर पेंशन नहीं मिलने के कारण कई पेंशनर समय पर इलाज नहीं करवा पा रहे हैं। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने बताया कि कई बार मुख्यमंत्री को दस सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया है। सरकार के झूठे वायदों से पेंशनर परेशान हो गए हैं। उन्होंने मांग रखी है कि 1-1- 2016 से संशोधित वेतनमान के एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाए। अप्रैल 2024 से सेवानिवृत हुए पेंशनरों को शीघ्र पेंशन लगाई जाए। उन्होंने बताया कि सरकार वित्तीय लाभ देने में देरी करती है तो परिवहन के करीब 8500 पेंशनर अपने परिवार सहित अक्तूबर माह में शिमला में बड़ा आंदोलन करेंगा। बैठक में राम लाल, केएल सोनी, प्रशोतम लाल, वंशी सोनी आदि मौजूद रहे।