महाशिवरात्रि से एक दिन पहले फलों के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं। तीन दिनों के भीतर फलों के दामों में पांच से दस रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। आशंका है कि रविवार को महाशिवरात्रि पर्व पर दाम और बढ़ सकते हैं। दुकानदारों को बेहतर कारोबार की उम्मीद है। दुकानदारों के अनुसार मंडियों से ही बढ़े हुए दामों में फल बिक रहे हैं। कुछ दुकानदार पुराने मूल्यों पर ही फल दे रहे हैं। रविवार को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु व्रत और पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। श्रद्धालु इस दिन व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती का विधि-विधान से पूजन करते है। अपने और अपने परिवार के लिए खुशहाली के लिए कामना करते हैं। तीन दिन पहले जहां केले 70 रुपये दर्जन बिक रहे थे, अब केले 80 से 85 रुपये बिक रहे हैं। बेर के दाम 70 रुपये से बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो, अमरूद 90 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो तक हैं। वहीं अनार के दामों 150 रुपये प्रति किलो और चीकू के दाम 90 से बढ़कर 100 रुपये प्रतिकिलो हैं। किन्नू 100 रुपये में डेढ़ किलो, सेब 180 से 190 रुपये प्रति किलो, किन्नौरी सेब 240 रुपये प्रति किलो के दाम में बिक रहा है।