उपमंडल नादौन के रंगस क्षेत्र में कुणाह खड्ड में पुल के पास मछलियां मरी हैं। यहां पर बड़े आकार की 10 मछलियां मरी हुई हैं। मामले में शिकायत मिलने के बाद मत्स्य विभाग की ओर से मौके का निरीक्षण किया गया है। विभाग ने यहां पर पानी के सैंपल भी टेस्टिंग के लिए है। बरामद हुई एक-एक मछली का वजन दो से तीन किलोग्राम के बीच है। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने पानी में ऑक्सीजन की कमी को मछलियों के मरने का कारण बताया है। अत्याधिक आटा और चारा फेंके जाने और पानी के ठहराव के कारण यह होता है। ग्राम पंचायत नौहंगी के प्रधान बलवंत सिंह ने बताया कि वह सुबह रंगस पुल पर सैर कर रहे थे। इस दौरान मछलियां पानी की सतह पर दिखी। गौर से जब देखा तो यह मछलियां मरी हुई थीं। इसके बाद मत्स्य विभाग को सूचना दी और स्थानीय युवकों के सहयोग से मरी हुई मछलियों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। वरिष्ठ मत्स्य पालन अधिकारी हमीरपुर अजय कुमार ने कहा कि पानी के सैंपल लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच पानी में ऑक्सीजन की कमी वजह लग रही है। यहां पर लोग आटा भी डालते है, जिसके चलते यह दिक्कत पेश आती और पानी का ठहराव भी एक कारण लग रहा है। मरी हुईं मछलियों को बाहर निकाल कर दफनाया गया है।