हमीरपुर जिला में बन रहे धौलासिद्ध प्रोजेक्ट के डैम की जद में बिजली बोर्ड का करोड़ों का बुनियादी ढांच आ रहा है। इसमें अधिकांश बिजली लाइनें तथा डीटीआर हैं। जब डैम का पानी का जलस्तर बढ़ेगा तो यह बिजली बोर्ड की संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा। ऐसे में अब बिजली बोर्ड ने पांच करोड़ 39 लाख रुपए का प्रस्ताव धौलासिद्ध प्रोजेक्ट प्रबंधन को भेजा है। इतने रुपए मिलने के बाद बिजली बोर्ड अपनी लाइनों को दूसरी जगह पर शिफ्ट करेगा। लाइनों को शिफ्ट कर दूसरी जगह ले जाए जाएगा। इस कार्य को करने पर करोड़ों का खर्च होगा। ऐसे में बिजली बोर्ड ने प्रस्ताव परियोजना प्रबंधन को भेजा है। एसजेवीएनएल के माध्यम से ग्राम पंचायत जीहण में ब्यास नदी पर धौलासिद्ध प्रोजेक्ट चल रहा है। यहां पर बड़े स्तर का डैम बनाया जा रहा है। बिजली बोर्ड हमीरपुर में अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने बताया कि पांच करोड़ 39 लाख का प्रस्ताव भेजा गया है। रुपए मिलने के बाद बिजली बोर्ड अपनी संपत्ति को यहां से शिफ्ट करने की प्रक्रिया को शुरू करेगा।