मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल के संकेत दिए हैं। उन्होंने कैबिनेट में विभागों के बदलाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। हमीरपुर जिले के दौरे के दूसरे दिन नादौन में पत्रकारों बातचीत में उन्होंने कहा कि जिन मंत्रियों से विभाग वापस लिए गए हैं, उन्हें फिर से संबंधित अन्य विभाग दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर दो नए विभाग गठित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी मंत्री से पोर्टफोलियो नहीं लिया गया है। उनके साथ अटैच किए गए विभागों को नवनियुक्त मंत्रियों को दिया गया है। सभी मंत्रियों को उनसे संबंधित विभागों से जुड़े हुए अन्य विभाग दिए जाएंगे और इसमें बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी कार्य कर रही है। भाजपा सकारात्मक विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही है, बल्कि हिमाचल के हितों का विरोध कर रही है। हिमाचल में पूर्व भाजपा सरकार में हाइड्रो प्रोजेक्ट में भी राज्य के हितों की अनदेखी की गई है और केंद्रीय उपक्रमों को यह हक बेचे गए हैं। केंद्र सरकार के उपक्रम वाटर सेस का विरोध कर रहे हैं। बीबीएमबी के 4300 करोड़ हिमाचल सरकार ने लेने हैं जोकि केंद्र के पास फंसे हुए हैं। हिमाचल के भाजपा नेता भी इसे लेकर प्रदेश का पक्ष केंद्र में नहीं रख रहे हैं।