शिक्षित, प्रगतिशील एवं आत्मनिर्भर बेटियां ही समृद्ध राष्ट्र का आधार हैं। इनकी प्रगति और सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करना तथा उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाना हम सबका दायित्व है। शनिवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में विकास खंड बमसन की 21 पंचायतों की मेधावी बेटियों के को सम्मानित करते हुए विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने यह शब्द कहे। कार्यक्रम का आयोजन सीडीपीओ कार्यालय टौणी देवी की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किया गया। उन्होंने क्षेत्र की 65 चैंपियन बेटियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र, शॉल, प्रेरक पुस्तकें व नाम पट्टिका देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 25 हजार रुपये का चेक विधायक को सौंपा। कार्यक्रम सीडीपीओ एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को प्रेरित कर उनकी क्षमताओं, सृजनात्मक कौशल, ज्ञान और अनुभवों को सांझा करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से ऐसे बच्चों, विशेषकर बेटियों को गोद लेने का आह्वान किया जिनके सिर पर माता-पिता का साया न हो या जिनके अभिभावकों के पास सीमित साधन हों। बीडीओ वैशाली शर्मा ने बेटियों को चुनौतियों को स्वीकारने, ग्रामीण विकास में सलाहकार, सहभागी और नव प्रयोगों की प्रणेता बनकर समाज निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, ग्राम पंचायत टपरे के प्रधान दीवान चंद और अन्य लोग उपस्थित रहे।