जिला मुख्यालय स्थित आयुष्मान नशा मुक्ति केंद्र में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय नशा मुक्ति शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें योगासन, प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया और ध्यान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। खेल-खेल में करवाई गई गतिविधियों ने प्रशिक्षण को सहज और सहभागी बनाने में मदद की। शिविर में आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक अमृत जुनेजा और ऊषा शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न अभ्यास करवाए। वहीं, मुनीश गुप्ता ने सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। पांच दिनों तक चले कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योग, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और उनके महत्व को समझा। शिविर के अंतिम दिन प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सीखी गई योग, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया जैसी तकनीकों से उन्हें शारीरिक और मानसिक स्तर पर लाभ महसूस हुआ। प्रतिभागियों ने इस पहल को नशा मुक्ति की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। आर्ट ऑफ लिविंग के जिला मीडिया सह प्रभारी जोगिंदर ठाकुर ने बताया कि आयुष्मान नशा मुक्ति केंद्र के विशेष अनुरोध पर इस शिविर का आयोजन किया गया था।