पीएमश्री शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में रविवार को 35वीं प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कबड्डी हमारी मिट्टी की सुगंध से जुड़ा खेल है। यह सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष का संस्कार और अनुशासन है। इसमें खिलाड़ी को साहस, पराक्रम, ताकत और रणनीति—सबका समन्वय दिखाना पड़ता है। प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिवकृष्ण लाल, जिला महासचिव एवं पूर्व खेल अधिकारी पूर्ण कटोच ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन हरियाणा के सोनीपत में आयोजित होने वाली राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।